Wed. Jun 3rd, 2026

एसडीएम के आश्वासन पर किया धरना समाप्त, सात घंटे बंधक बनाकर रखा जेई को

थाना नारखी क्षेत्र में जेई ने विजिलेंस टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया था। जहां महिलाओं से अभद्रता करने पर किसान नेताओं ने फीडर पर बृहस्पतिवार दोपहर धरना शुरू कर दिया था। धरने में 7 घंटे तक जेई बंधक रहे। थाना पुलिस ने दोपहर से चल रहे हंगामे व धरने को हल्के में लेते हुए देर रात तक इस मामले में जाना तक उचित नहीं समझा। जानकारी मिलने पर शुक्रवार सुबह एसडीएम सदर मौके पर पहुंची और जेई को हटाने का आश्वसन दिया। तब जाकर धरना समाप्त हो सका।
गांव गढ़ी हंसराम निवासी कुशलपाल और ओमवीर ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि नारखी फीडर पर तैनात अवर अभियंता अनिल कुमार, विजिलेंस जेई वाजिद अली अपनी टीम के साथ उनके घर में बिना बताए घुस गए और अंदर वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि उस दौरान घर में महिलाएं स्नान कर रहीं थी। विरोध करने पर बिजली विभाग की टीम ने महिलाओं से अभद्रता भी की है। जानकारी पर भारतीय किसान यूनियन के युवा जिलाध्यक्ष राजा भईया पीड़ितों के साथ नारखी फीडर पहुंच गए और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरना पर जेई को भी बंधक बनाकर जमीन पर बैठा लिया। बृहस्पतिवार दोपहर ढाई बजे धरना शुरू हो गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे तक जेई बंधक बने रहे। इसके बाद वह घर जा सके। धरने की जानकारी पर एसडीएम सदर आईएएस कृतिराज सिंह शुक्रवार सुबह 10 बजे धरना स्थल पहुंच गईं। उन्होंने समस्या सुनने के बाद शाम तक जेई व बाबू को हटाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर धरना समाप्त हो सका। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग की टीम पर महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगा था। धरने पर प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *