ओम नगर मोहल्ला के वाशिंदों ने मैनपुरी रोड पर पानी की समस्या को लेकर लगाया जाम …
शिकोहाबाद। बुधवार को मैनपुरी रोड स्थित पानी की टंकी के पास ओम नगर मोहल्ला के वाशिंदों ने मैनपुरी रोड पर पानी की समस्या को लेकर आक्रोशित होकर जाम लगा दिया और नारेबाजी की। देखते ही देखते कई वाहन जाम में फंस गए। करीब आधा घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा।
शहर के मैनपुरी रोड स्थित पानी की टंकी के पास ओम नगर के लोगों का कहना है कि उनके यहां पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है। पानी न आने के कारण वह बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। वहीं पानी की टंकी खराब पड़ी हुई है। पीने के लिए पानी की एक-एक बाल्टी भरकर लाने को विवश हैं। इस ओर जल निगम का कोई ध्यान नहीं है। कई बार मांग करने के बाद भी क्षेत्र में पानी की समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। बुधवार सुबह क्षेत्र के महिला-पुरूष और बच्चे मैनपुरी रोड पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। वहीं पुरुष और महिलाओं ने नारेबाजी की। महिलाएं सड़क पर आकर बैठ गईं जिसकी वजह से आवागमन बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की सूचना पर
पुलिस और नगर पालिका की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने जाम लगा रहे लोगों को समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। तब जाकर जाम खुल सका। वही नगर पालिका द्वारा पानी के टैंकरों द्वारा पानी मौके पर पहुंचाया गया।
इस मौके पर नारायण देवी ,सुमन, लक्ष्मी, फिरोज, बंदना, प्रेमवती, नरेन्द्र, वीरेन्द्र, जयराम, अवनीश, सौरभ ,अनुज, वेदु,योगेंद्, रिंकू, गंगा राम ,जयपाल के अलावा अन्य नागरिक मौजूद रहे
