फिरोजाबाद – सुसाइड नोट छोड़ लापता हुए उद्यान विभाग के कर्मचारी अनिल कुमार ऋषिकेश से सकुशल बरामद
फ़िरोज़ाबाद – थाना रामगढ़ क्षेत्र से लापता हुए जिला उद्यान विभाग में तैनात कनिष्ठ सहायक अनिल कुमार को पुलिस ने उत्तराखंड के ऋषिकेश से सकुशल बरामद कर लिया है। अनिल कुमार बीते 25 जुलाई को अपने घर से एक सुसाइड नोट छोड़कर बिना किसी को बताए निकल गए थे, जिसके बाद उनके परिजनों में हड़कंप मच गया था। अनिल कुमार की पत्नी गुड्डी देवी ने थाना रामगढ़ में गुमशुदगी की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि उनके पति करीब 2 बजे घर से निकले और एक सुसाइड नोट पीछे छोड़ गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। 26 जुलाई को गुड्डी देवी ने पुनः थाना आकर बताया कि अनिल कुमार ने उन्हें कॉल किया था, लेकिन कॉल पर कोई आवाज नहीं आ रही थी और कुछ ही देर बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिजनों को आशंका हुई कि अनिल कुमार का अपहरण हो गया है। इस सूचना पर थाना रामगढ़ में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देशन में थाना रामगढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम का गठन किया गया। तकनीकी सर्विलांस की मदद से अनिल कुमार की लोकेशन उत्तराखंड के ऋषिकेश में ट्रेस हुई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ऋषिकेश रवाना होकर त्रिवेणी घाट से अनिल कुमार को सकुशल बरामद कर लिया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में क्या बोले अनिल कुमार? पूछताछ में अनिल कुमार ने बताया कि वह केवल घूमने के उद्देश्य से घर से निकले थे। पहले हरिद्वार में एक दिन रुके और फिर ऋषिकेश चले गए। मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण वे घर पर संपर्क नहीं कर पाए। अनिल कुमार की सुरक्षित वापसी पर उनके परिजनों ने फिरोजाबाद पुलिस, विशेष रूप से एसएसपी सौरभ दीक्षित और थाना रामगढ़ पुलिस टीम का आभार जताया है।
