फ़िरोज़ाबाद – शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में 20 घरों पर ‘मकान बिकाऊ’ के बोर्ड, टावर लगने के विरोध में प्रशासन से है नाराज
फिरोज़ाबाद – निवासियों के प्रबल विरोध के बावजूद टावर लगाए जाने से नाराज होकर आज रविवार को दो गलियों के लगभग 20 लोगों ने अपने घरों पर ‘मकान बिकाऊ’ के बोर्ड लगा दिए है।
जिले के शिकोहाबाद स्थित यादव कॉलोनी में टावर लगाए जाने के विरोध में स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। निवासियों के प्रबल विरोध के बावजूद टावर लगाए जाने से नाराज होकर आज रविवार को दो गलियों के लगभग 20 लोगों ने अपने घरों पर ‘मकान बिकाऊ’ के बोर्ड लगा दिए हैं, जिससे पूरी यादव कॉलोनी में सनसनी फैल गई है। इसकी जानकारी होते ही थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँच गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके विरोध के बावजूद प्रशासन द्वारा टावर लगाने की अनुमति देने से वे बेहद नाराज हैं। निवासियों का आरोप है कि टावर से ज़हरीली गैसें और हानिकारक तरंगें निकलेंगी, जो उनके स्वास्थ्य के लिए बहुत नुकसानदेह होंगी। उन्हें खतरनाक बीमारियों के होने का खतरा बढ़ गया है। इसी डर और गुस्से में आकर इन परिवारों ने पलायन का मन बना लिया है और अपने घरों को बेचने का फैसला किया है।
