फिरोजाबाद – भोलेनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का ऑटो पलटा, आधा दर्जन से अधिक घायल
फिरोजाबाद – श्रावण मास में भोलेनाथ के दर्शन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं का ऑटो एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। यह हादसा फिरोजाबाद जनपद के रामगढ़ थाना क्षेत्र के चनौरा गांव के पास हुआ, जहां एक बाइक की कट से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु मक्खनपुर थाना क्षेत्र स्थित सान्तेश्वर भोलेनाथ मंदिर, सांती से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान चनौरा के पास एक बाइक के अचानक कट मारने से ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे में घायल ज्यादातर श्रद्धालु जलोपुरा थाना टूंडला के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में प्रशांत निवासी ठारपूठा थाना रामगढ़, राहुल यादव, बबलू निवासी जलोपुरा शामिल हैं। ये लोग कासगंज के सोरों जी से कांवड़ लेकर भोलेनाथ के दर्शन करने गए थे और अन्य परिजनों — राखी, नंदिनी, संध्या, सोनाली और अंजली के साथ वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भिजवाया गया। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है और स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
