पुलिस ने ई रिक्शा लूटकर ले जाने वाले दो बदमाशों को दबोचा
शिकोहाबाद। 8 अगस्त को सौरभ पुत्र संतोष बाबू निवासी नगला हैण्डल के ई रिक्शा में स्टेशन से सवारियों के रूप में बैठे बदमाशों ने माधोगंज से आगे जाकर चालक के साथ मारपीट कर उसका ई रिक्शा लूट ले गए थे। ई रिक्शा चालक को आमरी गांव के पास डेरा बंजारा के पास खेत में रस्सी से बांधकर डाल गए थे। जब ग्रामीणों ने ई रिक्शा चालक को खेत में रस्सी से बंधे देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चालक को बंधनो से मुक्त किया। पीड़ित ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उक्त मामले में पुलिस की दो टीम ई रिक्शा लूटने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। 22 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ई रिक्शा लूटकर ले जाने वाले एफसीआई गोदाम एटा रोड पर खड़े हैं। पुलिस ने सूचना पर घेराबंदी करते हुए बुधवार की देर रात दो बदमाशों को दबोच लिया।पुलिस को आरोपियों के पास से लुटा हुआ ई रिक्शा बरामद हो गया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के नाम पवन पुत्र रामप्रकाश
निवासी मुरैना थाना मुरैना मध्य प्रदेश, सचिन पुत्र सत्यप्रकाश निवासी ऊबटी थाना शिकोहाबाद बताया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।

