शिव पुराण की कथा के लिए गाजे बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा
शिकोहाबाद। श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 15 जुलाई से 21 जुलाई तक मानस भवन मेला बाग में किया जा रहा है। कथाव्यास वृंदावन के आचार्य निशांत मिश्रा भक्तों को शिव पुराण की कथा सुनाएंगे। जिसकी मंगलवार को विशाल कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर पथवारी रोड़ से निकाली गई। कलश यात्रा में 101 पीत वस्त्र धारण कर महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थी। कलश यात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुरू होकर पालीवाल चौराहा, स्टेशन रोड़, मेला बाग होते हुए मानस सेवा भवन पहुंची जहां पर कथा व्यास ने वेदोच्चारण के मध्य कथा स्थल पर कलश को स्थापित कराया। कलश यात्रा के आगे आगे बैंड बाजे चल रहे थे। बैंड बाजों से निकले भजनों पर लोग थिरकते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा में शामिल भक्तगण बम बम भोले के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस अवसर पर कलश यात्रा का जगह जगह जोरदार स्वागत किया गया। कथा स्थल पर शिव पुराण की कथा का श्रवण कराया गया। कथा व्यास ने कहा कि शिव ही एक मात्र ऐसे देव हैं जिनका ठिकाना धरती पर कैलाश है। वह अपने भक्तों पर सदा कृपा करते है। इस दौरान कथा के आयोजक संजीव अग्रवाल (लाला), संजय कश्यप, नवीन गुप्ता, नंद किशोर हलवाई, केशव गुप्ता, किशन अग्रवाल, मनोज गुप्ता, अनिल चड्डा संध्या बंसल, पायल गुप्ता, लता यादव, शशी राजपूत, डॉ ममता कश्यप, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
