किसान यूनियन ने नौशहरा कांड को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन,
ज्ञापन में मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग की
शिकोहाबाद। अखिल भारतीय किसान यूनियन ने नौशेहरा में सोमवार देर रात पटाखा गोदाम में हुए ब्लास्ट में मृतक लोगों को 25 लाख रुपए तथा घायल हुए लोगों को दस दस लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील यादव प्रधान, प्रमुख प्रदेश महासचिव विशेष यादव ने प्रदेश के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार कीर्ति चौधरी को ज्ञापन सौपा। वही किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जसराना में उप जिलाधिकारी शिवध्यान पाण्डेय को ज्ञापन सौपा। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के संबंध में मासिक बैठक हुई। बैठक में किसान नेताओं ने कहा कि सभी साधन सहकारी समितियों पर डीएपी, यूरिया खाद, बीज की व्यवस्था किसानों को उचित मूल्य पर कराई जाय। कृभको, इफको पर भी खाद बीज की व्यवस्था किसानों को उचित मूल्य पर कराई जाय। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में घोर भ्रष्टाचार व्याप्त है तथा इसका फायदा मुख्यतः कम्पनियां और अधिकारी उठाते हैं, इस पर रोक लगाकर फ़सल बीमा की राशि किसानों के खाता में पहुॅ॑चाने की समुचित व्यवस्था की जाय। स्मार्ट मीटर किसान, मजदूर गरीबों के लिए हितकारी नहीं है, इसे तत्काल रोका जाए। किसानों की लम्बित समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए। इस मौके पर दिनेश कुमार युवा राष्ट्रीय महासचिव, विनित यादव प्रदेश प्रवक्ता, अमर पाल सिंह जिलाध्यक्ष, चन्द्रवीर सिंह यादव जिला प्रवक्ता, कुलदीप सिंह, अश्वनी कुमार, डा जुल्फकार, मंगेश यादव, मोहित कुमार, नवीन कुमार, नीलेश कुमार, ग्रीश यादव , रवि यादव, प्रियांशु, माधव यादव आदि मौजूद रहे।

