डॉक्टरों ने लोगों को आंखे दान करने के लिए किया जागरूक
शिकोहाबाद। सयुक्त जिला अस्पताल में शुक्रवार को राष्ट्रीय अंधता एवं क्षीणता कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमएस डॉ आर सी केशव ने किया। इस अवसर पर डॉक्टरों की टीम ने लोगों को नेत्रदान करने के लिए जागरूक किया। सीएमएस ने कहा कि नेत्रदान महादान होता है। अपनी आंखें दान कर हम एक व्यक्ति को नई जिदंगी दे सकते हैं। जब परिवार में किसी की मृत्यु हो जाती है तो उसके कुछ घंटे के भीतर उनकी आंखों को निकाल कर सुरक्षित रख लिया जाता है। उक्त व्यक्ति की आंखों से जन्म जात से अंधे अथवा जिनकी आखों की रोशनी समाप्त हो गई है उनको लगा कर उनके जीवन को खुशहाल बनाया जा सकता है। इस अवसर पर वरिष्ठ नेत्र परीक्षण अधिकारी डा. दीपक तिवारी, डॉ अलका, डा. ए के पचौरी, डा. संजय सिंह, डा. अभिषेक कुमार, डा. शिव कुमार कर्दम, डा. पारस, डा. शाहिद अली सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।

