फिरोजाबाद – फेरीवाले का पापड़ खाकर 10 से ज्यादा बच्चे बीमार; डॉक्टर बोले-पानी में भीगने से वायरस पनप गए
फिरोजाबाद: गांव-गांव घूमकर पापड़ या अन्य खाने की चीजें बेचने वालों का सामान जानलेवा भी हो सकता है. ऐसा ही मामला फिरोजाबाद जिले में सामने आया है, जहां फेरीवाले का पापड़ खाकर 10 से ज्यादा बच्चे फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. पापड़ और चुरचुरी खाते ही बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने शुरू हो गए. परिजन इन्हें तत्काल लेकर अस्पताल भागे, जहां बच्चों का इलाज कराया गया. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. घटना फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र में गांव मेहरी की ठार बदन सिंह की है.
टूंडला इंस्पेक्टर अंजीश कुमार ने बताया कि बच्चों ने गांव में घूम रहे एक फेरीवाले से खाद्य सामग्री खरीदी थी, जिसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. डॉक्टरों की टीम ने सभी बच्चों की जांच की और उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई गई है.
मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एलके गुप्ता ने बताया कि इन बच्चों ने जो समान खाया है, वह बरसात में भीग गया था, जिसमें वायरस पनप गए थे. इसकी बजह से ही यह बच्चे बीमार हुए है. जो बच्चे फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए है, उनमें देवेंद्र पुत्र मायाराम, शालू पुत्री मयाराम, शिवानी और बर्षा पुत्री अशोक कुमार, वेद प्रकाश पुत्र राकेश, मुस्कान पुत्री प्रमोद, समोद पुत्र प्रमोद, तमन्ना पुत्री टीटू और वंदनी पुत्री दुर्गा प्रसाद शामिल हैं.
एक साथ 10 बच्चों के बीमार पड़ने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है, कि क्षेत्र में घूम-घूमकर खाद्य पदार्थ बेचने वालों की जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके. इंस्पेक्टर टूंडला अंजीश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फेरीवाले की तलाश जारी है. ग्राम प्रधान सुबोध कुमार ने बताया कि गुरुवार की शाम को एक फेरी वाला इन बच्चों को समान देकर गया था.
