Sat. Jun 6th, 2026

लापता युवक का शव नाले में मिला, दो दिन से खोज रहे थे परिजन

फिरोजाबाद- घर से केरोसिन लाने के लिए निकले युवक का शव नाले से बरामद हुआ है। परिजन ने शव की शिनाख्त की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थाना रामगढ़ क्षेत्र के न्यू रामगढ़ निवासी कमल किशोर (35) मजदूरी करते थे। वह दो दिन पहले घर से मिट्टी का तेल लाने की कहकर निकले थे। इसके बाद से ही वह घर वापस लौटकर नहीं आए। परिजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। रिश्तेदारी और दोस्तों से भी पूछा, लेकिन जानकारी नहीं हो सकी। बाद में परिजन ने गुमशुदगी की तहरीर पुलिस में दी।

वहीं शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव नाले से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को मोर्चरी पर भिजवाने के साथ ही परिजन को भी शव की शिनाख्त करने की जानकारी दी। मोर्चरी पर पहुंचे परिजन ने शव की शिनाख्त कमल किशोर के रूप में की। परिजन ने पुलिस को बताया कि वह मिट्टी का तेल लाने की कहकर घर से निकले थे, लेकिन पता नहीं नाले में कैसे गिर गए।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि नाले से मिले शव की परिजन ने शिनाख्त की है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक नशे का सेवन करता था। नशे की हालत में वह नाले में गिर गया होगा। हालांकि इसके बाद भी जांच कराई जा रही है। अगर परिजन तहरीर देते है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *