महिला अधिवक्ता की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
शिकोहाबाद। जनपद कासगंज में एक महिला अधिवक्ता मोहिनी तोमर की 4 सितम्बर को अपहरणकर्ताओं द्वारा अगुवा कर उनकी नृशंस हत्या कर दी थी। उक्त मामले में अभी तक हत्यारों की गिरफ्तारी नही हो सकी। जिसके चलते वार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आवाह्न पर शनिवार को वार के अध्यक्ष हरिओम यादव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षित नही है। आये दिन अधिवक्ताओं के साथ अप्रिय घटनायें घटित हो रही है उनकी हत्यायें हो रही है । प्रदेश सरकार अधिवक्ताओं को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है। कासगंज की मोहिनी तोमर के प्रकरण में यदि कासगंज पुलिस त्वरित कार्यवाही करती, तो उनकी जघन्य हत्या न होती। अधिवक्ताओं ने कासगंज पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुये मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम विकल्प को एक ज्ञापन सौपा। जिसमें मुख्यमंत्री से अधिवक्ता की हत्या की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की तथा मृतका के आश्रित को एक करोड़ मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। अधिवक्ताओं ने प्रदेश में एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। इस मौके पर हरिओम यादव, महासचिव उम्मेद बाबू, शिवकुमार शर्मा, शशीवीर सिंह, सुभाष चंद्र, अशोक यादव, कपिल श्रीवास्तव, के पी सिंह, दिनेश, अवनीश, रवीन्द्र राजपूत, अनिल कुमार, धर्मवीर यादव, आलोक श्रीवास्तव, प्रदीप, राजेन्द्र आदि मौजूद रहे।

