Wed. May 20th, 2026

फ़िरोज़ाबाद – महिला बीडीओ ने पत्रकार पर लिखाया फर्जी मुकदमा

महिला बीडीओ ने पत्रकार पर लिखाया फर्जी मुकदमा

मुख्यमंत्री विवाह समारोह में अनियमितता की कवरेज पर बौखलाए भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र लोधी

फिरोजाबाद। एक ओर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमलों और फर्जी मुकदमों को लेकर सख्त हैं तो वहीं दूसरी ओर उन्हीं के नुमाइंदे पत्रकारों का उत्पीड़न करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

बुधवार को कस्बा खैरगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बिना कनेक्शन के पांच किलोग्राम गैस के सिलेंडर वितरित किए जा रहे थे तथा शादी समारोह में सात फेरों की जगह महज तीन या चार फेरे में ही खानापूर्ति की जा रही थी, जो कि हिंदू रीति रिवाज के विपरीत थी। पत्रकार ने जब इस संबंध में खंड विकास अधिकारी हाथवंत पंकज सिंह से जानकारी प्राप्त की तो बीडीओ भड़क गयीं और पत्रकार को हड़काने लगीं। जब बीडीओ का इतने से मन नहीं भरा तो कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह लोधी के पास गई। भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी आवेश में आकर पत्रकार को मैरिज होम की दूसरी मंजिल पर बुलाया, जैसे ही पत्रकार ऊपर पहुंचा तो भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कई भाजपा नेता तथा खंड विकास अधिकारी ने पत्रकार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र ने पत्रकार का कैमरा व पहचान पत्र ने छीन लिया। मामले की जानकारी अन्य पत्रकारों को हुई तो पत्रकारों ने खबर चलाना शुरू कर दिया। खबर चलता देख बीडीओ तथा जिलाध्यक्ष बौखला गए और पत्रकार के खिलाफ षडयंत्र के तहत फर्जी मुकदमा लिखा दिया। पीड़ित ने बताया कि पूर्व में उक्त विकास खंड से संबंधित लापरवाही और अनियमितता की कई खबरें चलाई गई थी तथा हाल ही में सूचना का अधिकार अधिनियम अंतर्गत आवेदन कर जनहित में सूचना मांगी गई थी इसी वजह से खंड विकास अधिकारी झूठे मुकदमे में फंसाने की फिराक में थी तथा एक सोची-समझी साजिश के तहत मुख्यमंत्री शादी समारोह में आमंत्रित किया गया। पीड़ित राहुल ने बताया उनके द्वारा भी थाना खैरगढ़ में लिखित तहरीर देने के बावजूद भी अभियोग पंजीकृत नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *