फिरोजाबाद – रक्तवीर अमित गुप्ता को दिल्ली में मिला उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान 2025
फिरोजाबाद – सामाजिक कार्यों और रक्तदान जैसे मानवीय सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए फिरोजाबाद के समाजसेवी अमित गुप्ता को उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेशनल यूथ पॉवर एसोसिएशन द्वारा नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। अमित गुप्ता ए.एस. ब्लड डोनेशन क्लब के अध्यक्ष हैं और निरंतर रक्तदान शिविरों, जन-जागरूकता अभियानों तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे केवल एक संगठन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनेक सामाजिक संगठनों से जुड़कर सेवा कार्यों को गति दे रहे हैं। पुरस्कार समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित देश की कई जानी-मानी हस्तियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने अमित गुप्ता के कार्यों की सराहना की और उन्हें समाज के लिए प्रेरणा बताया। अमित गुप्ता ने इस अवसर पर कहा, यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, उन सभी साथियों का है जो मेरे साथ मिलकर हर सामाजिक कार्य में योगदान देते हैं। मैं सभी युवाओं से अपील करता हूं कि वे रक्तदान और सेवा कार्यों में आगे आएं। उनकी इस उपलब्धि से फिरोजाबादवासियों में गर्व की लहर है और उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं।
